बाराबंकी पुलिस ने पकड़ा ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग व टास्किंग फ्रॉड गिरोह
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। साइबर क्राइम थाना, साइबर सेल और थाना देवा की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का उपयोग कर ब्लैकमेलिंग व ऑनलाइन टास्किंग फ्रॉड करने वाले शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजन सिंह निवासी मोहल्ला कचेहरान कटरा, थाना देवा और अनूप कुमार निवासी अड़ौरा, थाना देवा के रूप में हुई है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह खुलासा किया।
बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अश्लील वीडियो भेजकर लोगों को ब्लैकमेल करते थे। साथ ही वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन टास्क और निवेश पर कई गुना रिटर्न का झांसा देकर आमजन से ठगी करते थे। आरोपी पीड़ितों को स्कैनर, या फर्जी अकाउंट भेजकर रुपए ट्रांसफर कराते थे। राजन सिंह ने अपने पिता का नाम बदलकर एयरटेल पेमेंट बैंक का फर्जी खाता भी खोला था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने गुजरात और उड़ीसा के दो लोगों से साइबर ठगी की है। गुजरात के पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर 1930 के जरिए शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस इनके फरार साथियों यशराज सिंह व सिद्धार्थ तिवारी की तलाश में दबिश दे रही है और गिरोह के बैंक खातों व अन्य सदस्यों की गतिविधियों की जांच कर रही है।
बाराबंकी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात नंबरों से आने वाले संदेशों, अश्लील वीडियो कॉल या घर बैठे नौकरी और पैसे दोगुना करने वाले किसी भी प्रलोभन से सावधान रहें। किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।