सशक्त न्यूज नेटवर्क
आगरा। आगरा रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री को लेकर रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ जवानों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए चार आरपीएफ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रेन स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री सामान खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गई। तभी ट्रेन चलने लगी। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डीएसएस) नरेंद्र चाहर ने स्थिति को भांपते हुए वॉकी-टॉकी के जरिए सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी, जिससे महिला सुरक्षित ट्रेन में सवार हो सके।
बताया गया कि इसके बाद आरपीएफ जवानों ने महिला पर चेन पुलिंग का आरोप लगाते हुए उसे रोक लिया। डिप्टी एसएस नरेंद्र चाहर ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी एसएस के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें पकड़कर घसीटा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला रेलवे के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। जांच के बाद आरपीएफ के चार पुलिसकर्मियों—मेघराज, बालकिशन मीणा, बदन सिंह और जितेंद्र—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।

