रायबरेली: गंगा पुल पर थमा यातायात, घंटों जाम में फंसे सैकड़ों वाहन

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। डलमऊ-फतेहपुर मार्ग स्थित गंगा पुल पर रविवार को भीषण जाम लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पुल के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम में फंसे लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में पुल पर वाहनों की लंबी कतार और रेंगता यातायात साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल पर लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाम के दौरान मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने में प्रशासन नाकाम नजर आया। पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक प्रबंधन के अभाव में स्थिति और बिगड़ती चली गई। घंटों तक वाहन रेंगते रहे, जिससे यात्रियों को गर्मी और उमस के बीच खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंगा पुल का है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

More From Author

You May Also Like