Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
एकतरफा प्यार की सनक ने छीनी डेढ़ साल के मासूम की जिंदगी, मां की गोद हुई सूनी
सशक्त न्यूज नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एकतरफा प्यार में अंधे हुए युवक ने अपनी सनक का ऐसा खौफनाक अंजाम दिया कि डेढ़ साल के मासूम आरव की जिंदगी हमेशा के लिए छिन गई।
आरोप है कि विराज उर्फ जितेंद्र पाठक नामक युवक महिला रिश्तेदार रति पर शादी का दबाव बना रहा था। जब उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया गया तो उसने मासूम बच्चे को अपनी हैवानियत का निशाना बना लिया। आरोपी आरव को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर घर से ले गया और सुनसान गली में उसे कई बार जमीन पर पटक दिया। इस निर्मम हमले में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि हत्या के बाद वह बच्चे का शव घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में मातम और आक्रोश फैल गया।
जिस उम्र में आरव को मां की गोद में खेलना था, उस उम्र में वह एक विकृत मानसिकता की भेंट चढ़ गया। उसकी मासूम मुस्कान और किलकारियां अब केवल यादों में रह गई हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शनिवार शाम मुठभेड़ के दौरान आरोपी को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। लेकिन यह घटना एक बार फिर समाज के सामने यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर एकतरफा प्यार की सनक कब तक मासूम जिंदगियों को निगलती रहेगी।