Categories:
हादसा
घर पहुंचने से पहले बुझ गई दो जिंदगियां, रायबरेली में पुलिया से टकराई कार; 3 जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: बछरावां थाना क्षेत्र में प्रयागराज-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खैरानी चौराहे के पास उस समय हुआ, जब लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बछरावां थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।