Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
अजब गजब: 21वीं बार सर्पदंश का दावा: महिला जिला अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज क्षेत्र की एक महिला को सर्पदंश के बाद रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान जब यह जानकारी सामने आई कि महिला को पहले भी कई बार सांप काट चुका है, तो यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के जुगई का पुरवा निवासी सूरजकली रविवार सुबह खेत की ओर बकरियों को देखने गई थीं। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए भवानीगंज पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सलोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया और उन्हें भर्ती कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला और उनके परिजनों ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें 20 बार सर्पदंश हो चुका है। परिजनों के अनुसार, इस बार उनके दोनों पैरों के अंगूठों में सांप ने काटा है।
महिला ने बताया कि घटना के समय वह बकरियों को देखने गई थीं। उसी दौरान दो सांप दिखाई दिए और सर्पदंश की घटना हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले उन्हें कई बार सांप काट चुके हैं, जिनमें कुछ घटनाओं में सांपों का जोड़ा भी शामिल था।
महिला के बेटे रामविशाल ने बताया कि उनकी मां को पहली बार करीब छह वर्ष पहले सांप ने काटा था। इसके बाद अलग-अलग अवसरों पर कई बार सर्पदंश की घटनाएं हुईं।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. वैभव शुक्ल ने बताया कि महिला को सर्पदंश की शिकायत के साथ भर्ती किया गया है। उनका प्राथमिक उपचार किया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है।