Categories: हादसा

कुत्ते के हमले में बालिका की हालत गंभीर, लखनऊ में चल रहा उपचार

सशक्त न्यूज नेटवर्क
श्रावस्ती। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुसैनपुर खुरहुरी निवासी सौम्या देवी(06) पर रविवार की दोपहर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सौम्या को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बालिका के चेहरे व आंख पर गंभीर घाव है।

पीड़िता की बुआ काजल ने बताया कि सौम्या कक्षा एक की छात्रा है। रविवार की छुट्टी होने के चलते वो दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। घर के अन्य परिजन अपने-अपने कार्यों में लगे थे। इस दौरान पहुंचे कुत्ते ने सौम्या पर हमला कर दिया।

सौम्या की चीख सुन परिजन बाहर दौड़े और लाठी फटकार कर कुत्ते को भगाया। हमले में सौम्या के शरीर में कई जगह जख्म हो गए और आंख व चेहरे के पास का मांस गायब हो गया।

लहुलुहान हालत में उसे सीएचसी सोनवा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भी उसकी हालत खराब देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

बयान
कुत्ते के हमले में घायल बालिका को इलाज के लिए लाया गया था। बालिका के आंख व चेहरे पर गहरा घाव है। बेहतर इलाज के लिए बालिका को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

डॉ. आशीष वर्मा, इमरजेंसी चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज

More From Author

You May Also Like