Categories:
अपराध
जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग में तीन सगे भाई घायल, दो की हालत गंभीर
लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चलाने का आरोप, पुलिसकर्मी भी बताए जा रहे शामिल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कोरिहरा गांव के कल्लू का पुरवा मजरे में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट और फायरिंग हुई, जिसमें तीन सगे भाई गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य परिजन भी मारपीट में घायल हुआ। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार विवाद उस समय बढ़ गया जब बंजर भूमि पर रास्ता बनाए जाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान कई लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि इसी बीच अतुल यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें मनोज, रामचंद्र और प्रमोद गोली लगने से घायल हो गए। मनोज के जांघ और रामचंद्र के पैर में गोली लगी है।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मनोज और रामचंद्र की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि तीसरे घायल का इलाज जारी है।
वहीं दूसरे पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन पर हमला किया गया था, जिसके बाद उन्होंने आत्मरक्षा में फायरिंग की। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट :
पुलिसकर्मी पर भी आरोप, लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की जांच तेज
लालगंज। घटना को लेकर सामने आए नए पहलू में आरोप है कि फायरिंग करने वाले अतुल यादव और अंकित यादव दोनों उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात बताए जा रहे हैं। अतुल यादव कानपुर के चकेरी थाने में तथा अंकित यादव सुल्तानपुर में कार्यरत है।
आरोप है कि विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की गई। इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तथ्यात्मक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।