सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली:
आम जनता को साइबर अपराध से बचाने वाली पुलिस खुद साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गई है। बेखौफ साइबर ठगों ने इस बार किसी आम नागरिक को नहीं, बल्कि पुलिस महकमे के एक दारोगा जी को चूना लगा दिया। रायबरेली के डीह थाने में तैनात दरोगा इसरार हुसैन का मोबाइल नंबर हैक कर शातिर ठगों ने उनके बैंक खाते से 3.16 लाख रुपये की बड़ी रकम पार कर दी।
11 बार में खाली कर दिया दरोगा जी का खाता
पीड़ित दरोगा इसरार हुसैन का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। साइबर अपराधियों ने 15 सितंबर से 23 सितंबर के बीच इस हाई-टेक चोरी को अंजाम दिया। ठगों ने दरोगा का मोबाइल हैक कर यूपीआई (UPI) के जरिए महज 7 दिनों के भीतर 11 अलग-अलग किस्तों में कुल 3,16,216 रुपये का लेनदेन कर डाला। जब तक दरोगा जी को इस बात का अहसास होता, तब तक ठगों ने ऑनलाइन खरीदारी और ट्रांसफर के जरिए उनके खाते से लाखों रुपये उड़ा दिए थे।
साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज, महकमे में हड़कंप
मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित दरोगा ने तत्काल साइबर हेल्प डेस्क, हेल्पलाइन नंबर और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल (Cyber Crime Portal) पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि दरोगा के साथ हुई धोखाधड़ी का संज्ञान लिया गया है। पुलिस और साइबर सेल की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और जल्द ही इन शातिर साइबर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

