बाराबंकी में बदोसराय थाने का दरोगा घूस लेते गिरफ्तार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। एंटी करप्शन टीम ने सोमवार सुबह बदोसराय थाने में तैनात एक दरोगा को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दरोगा की पहचान सुरेश कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम दरोगा को लेकर सफदरगंज थाने पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, दरोगा सुरेश कुमार हाईकोर्ट के काम का हवाला देकर थाने से निकले थे। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि रास्ते में ही एंटी करप्शन टीम ने उन्हें ट्रैप कर लिया। बताया जा रहा है कि टीम ने पूर्व नियोजित योजना के तहत यह कार्रवाई की और रिश्वत लेते समय दरोगा को रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिकारी आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से पुष्टि की है कि एंटी करप्शन टीम ने दरोगा सुरेश कुमार को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और टीम द्वारा विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की संभावना है।