ओलंपियन सुधा सिंह बनीं राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार चयन समिति की सदस्य

लालगंज (रायबरेली)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आरेडिका की ओएसडी और ओलंपियन पद्मश्री सुधा सिंह को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की चयन समिति में सदस्य नामित किया है।

सुधा सिंह के मनोनयन की खबर से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों और आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के कर्मचारियों ने इसे गर्व का क्षण बताया। कारखाने के जीएम प्रशांत कुमार मिश्रा ने सुधा सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह लालगंज और रायबरेली के लिए गौरव की बात है।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू की ओर से जारी परिपत्र में बताया गया है कि समिति में अध्यक्ष सहित कुल चार सदस्यों को नामित किया गया है। सुधा सिंह को इसमें स्थान मिलना उनके उत्कृष्ट खेल योगदान की मान्यता है।

राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य और मेजर ध्यानचंद पुरस्कार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान हैं। सुधा सिंह की इस उपलब्धि से युवाओं में भी उत्साह का माहौल है।

More From Author

You May Also Like