तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन की मौके पर मौत
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। नानपारा–लखीमपुर हाईवे पर सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बलरामपुर जिले के निवासी पांच लोग कार संख्या यूपी 47 यू 2214 से रविवार रात करीब 10 बजे नैनीताल स्थित बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए निकले थे। सोमवार सुबह लगभग तीन बजे नानपारा–लखीमपुर हाईवे पर झाला मोड़ से आगे ममता मेडिकल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे में कार सवार अभिषेक शुक्ला पुत्र सदानंद शुक्ला, दीपू वर्मा पुत्र दिनेश वर्मा तथा नितेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय शर्मा पुत्र मदन शर्मा के बाएं हाथ व पैर में गंभीर फ्रैक्चर है, जबकि लव कुश शर्मा पुत्र काली प्रसाद को हल्की चोटें आई हैं।
जालिम नगर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों व मृतकों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। परिजनों के पहुंचने का इंतजार है।