यूपी के इस जनपद में घटी दिल दहला देने वाली घटना,मां के पास सो रही बच्ची को उठा ले गया भेड़िया

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोडहिया नंबर-4 के मजरे जरूवा में शनिवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बरामदे में मां के साथ सो रही एक साल की बच्ची को भेड़िया जबड़े में दबोचकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

रामकुमार की एक वर्षीय पुत्री आरवी अपनी मां रामकुमारी के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। तड़के अचानक आए भेड़िए ने बच्ची को मां के बगल से उठाया और खेतों की ओर भाग निकला। बच्ची के उठते ही मां की नींद खुली, शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भेड़िया आंखों से ओझल हो चुका था।

बताया गया कि रामकुमारी एक दिन पहले ही अपने ससुराल लालापुरवा से मायके जरूवा आई थीं और अगली सुबह यह दर्दनाक घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम खेतों और आसपास के इलाकों में भेड़िए की तलाश में जुटी है।

प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

More From Author

You May Also Like