बूम टूटने से 20 मिनट लेट हुई लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी
क्रासिंग को पार करने के चक्कर में बूम से टकराया ई रिक्शा
क्रासर
20 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी
न्यूज़ नेटवर्क
रायबरेली के ऊंचाहार में नगर की रेलवे क्रासिंग 43 /सी के गेट में लगा बूम शुक्रवार की शाम ई रिक्शा टकराने से टूट गया। घटना के समय गेटमैन शिवकुमार लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी को पास कराने के लिए क्रासिंग बंद कर रहे थे।
रेलवे क्रासिंग पर बंद करने के लिए इलेक्ट्रानिक सिस्टम लगा हुआ है। शुक्रवार की शाम इंटरसिटी एक्सप्रेस प्रयागराज संगम से लखनऊ जा रही थी। उसे पास कराने के लिए गेटमैन ने बटन दबाया।
सायरन बजा और गेट बंद होने लगा। तभी एक ई रिक्शा चालक जल्दबाजी में गेट पार करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान ई रिक्शा बूम से टकरा गया। जिससे बूम टूट गया और ट्रेन का सिग्नल नहीं हो पाया। गेटमैन ने इमरजेंसी गेट बंद किया। क्रासिंग तो बंद हुई लेकिन सिग्नल नहीं हुआ। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
रेलवे टेक्नीशियन की टीम भी पहुंची और गेट को खोलकर आवागमन बहाल कराया। इस दौरान करीब 20 मिनट ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गेट टूटने से ट्रेन स्टेशन पर रोकी गई थी। जिसे बाद में गंतव्य की ओर रवाना किया गया। संवाद