Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली: पुरुषोत्तम मास पर कैलाशपुर मठ में विष्णु महायज्ञ, निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कैलाशपुर मठ में आयोजित विष्णु महायज्ञ के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं संत-महात्मा शामिल हुए। धार्मिक जयघोषों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा कैलाशपुर मठ से प्रारंभ होकर भवानीपुर, एम्स के सामने से होते हुए मुंशीगंज चौराहे तक पहुंची और विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के बाद पुनः मठ परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु एवं श्रीराम के जयकारे लगाए तथा धर्म ध्वज लेकर नगर भ्रमण किया।
इस अवसर पर बड़ा मठ के महामंडलेश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर है। उन्होंने कहा कि इस माह में यज्ञ, जप, तप, दान और कथा-श्रवण का विशेष महत्व बताया गया है। विष्णु महायज्ञ एवं धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
महामंडलेश्वर ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज शाम 5 बजे से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा, जबकि रात्रि 8 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की।
धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और मठ परिसर में दिनभर भक्तों का आवागमन बना रहा।