बिहार में हुई शिक्षिका की हत्या रायबरेली में होगा अंतिम संस्कार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। बिहार के अररिया जिले में स्कूल जाते समय बाराबंकी निवासी शिक्षिका शिवानी की गोली मारकर हत्या के पीछे एक शिक्षक के एक तरफा प्यार का मामला सामने आ रहा है। मृतका की बहन ने खुलासा किया है कि एक शिक्षक पिछले एक साल से उन पर शादी का दबाव बना रहा था और इसी एकतरफा प्यार की वजह से उनकी जान गई। इतना ही नहीं शिक्षा का की दो बहनें भी बिहार में ही तैनात है और इनका मूल निवास रायबरेली जिले का है। अंतिम संस्कार रायबरेली में ही होगा।
बिहार के अररिया जिले में बुधवार सुबह स्कूटी से स्कूल जा रही बाराबंकी निवासी शिक्षिका शिवानी वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिवानी मूल रूप से रायबरेली जिले के पिंडोली गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता बाराबंकी की सदर तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। शिवानी 2023 में अपनी दोनों बहनों के साथ बिहार में शिक्षिका चयनित हुई थीं और हाल ही में खाबदा कन्हैली मध्य विद्यालय में पोस्ट हुई थीं।
घटना सुबह लगभग 8:30 बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही शिवानी स्कूटी से स्कूल जा रही थीं, दो बाइक सवार युवक पास आए और करीब से कनपटी में गोली मारकर फरार हो गए। लोगों ने उन्हें तुरंत उठाया और अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहन ने बताई घटना की वजह
शिवानी की बहन जूली ने बताया कि पिछले एक साल से उसी स्कूल का शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा उनकी बहन पर शादी का दबाव बना रहा था। शिवानी ने इनकार किया तो रंजीत कई बार उनका रास्ता रोकता था, तेज बाइक से ओवरटेक कर गिराने की कोशिश करता था और धमकियां देता था। जूली ने बताया कि इन घटनाओं की शिकायत स्कूल के प्रिंसिपल को भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जूली ने कहा कि रंजीत उनकी बहन को लगातार परेशान कर रहा था और इसी वजह से उनकी बहन की जान गई। परिवार के अनुसार, शिवानी की कुछ ही दिन पहले सगाई हुई थी और जल्द शादी होने वाली थी। घटना से पूरा परिवार, गांव और बाराबंकी में मातम पसरा है।