पारिवारिक विवाद में पुत्र ने की थी पिता की हत्या
सशक न्यूज नेटवर्क
बहराइच जनपद के थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठोरिया के मजरा बरई पुरवा में सोमवार को हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राम बचन चौरसिया उम्र 60 वर्ष की हत्या उसके पुत्र हजारी लाल उम्र 30 वर्ष ने की, जिसे पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार हजारी लाल मानसिक रूप से कमजोर (मंदबुद्धि) बताया जाता है, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद होता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय, तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पारिवारिक विवाद के दौरान हुई कहासुनी हत्या में बदल गई। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।