सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली के दरियापुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में मंगलवार को जिला स्तरीय किसान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में जिले भर से आए सैकड़ों किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों और जलवायु सहनशील कृषि से जुड़ी बारीकियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. के. के. सिंह ने किसानों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर खेती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य सुधार और बेहतर फसल प्रबंधन को अपनाकर किसान अपनी लागत कम कर सकते हैं और पैदावार में बढ़ोतरी कर सकते हैं।
उद्यान वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र विक्रम सिंह ने फल, सब्जी और बागवानी फसलों की आधुनिक तकनीकों के सही और प्रभावी प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।डॉ. आर. पी. सिंह ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं सही बीजों का चयन करने के तरीके समझाए।डॉ. आर. के. कनौजिया ने फसल अवशेषों (पराली आदि) को जलाने के बजाय उनसे जैविक खाद बनाने की विधि और लाभ बताए।जागरूकता शिविर में उप कृषि निदेशक हिमांशू पाण्डेय सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को सरकार की विभागीय योजनाओं, कृषि सब्सिडी और नई तकनीकों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं पर वैज्ञानिकों से सीधे सवाल पूछे। वैज्ञानिकों ने मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में कृषि अधिकारियों ने उपस्थित सभी किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

