अयोध्या में संत महेश योगी के आश्रम में लगाई आग

सशक्त न्यूज नेटवर्क
अयोध्या। प्रसिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी के गोविंदगढ़ में बृहस्पतिवार रात 2:45 बजे महेश दास उर्फ स्वामी महेश योगी के आश्रम में अचानक आग लग गई। आरोप है कि यह आग उन्हें मारने की साजिश के तहत लगाई गई थी। आग ज्वलनशील पदार्थ के माध्यम से लगाई गई। अज्ञात लोगों ने कमरे की पीछे की खिड़की काटकर आग लगाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

हनुमानगढ़ी के वसंतीया पट्टी स्थित गोविंदगढ़ में महेश योगी का आश्रम है। रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आश्रम के पिछले हिस्से में स्थित लोहे की जाली काटकर अंदर आग का गोला फेंक दिया। महंत महेश योगी ने बताया कि घटना के समय आग से पेट्रोल जैसी गंध आ रही थी। फिलहाल आग को समय रहते बुझा लिया गया है, अधिक नुकसान नहीं हुआ है।

घटना के समय महेश योगी आश्रम में अकेले सो रहे थे। उनके शिष्य आश्रम के दूसरे हिस्से में रहते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को कमरे के पीछे से कटी ग्रिल और पेट्रोल जैसी गंध के निशान भी मिले हैं।

फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर जांच जारी है। फिलहाल महेश योगी ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

More From Author

You May Also Like