सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। सरेनी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सक्रिय समाजसेविका सुधा द्विवेदी ने ग्रामीणों के अनुरोध पर सड़क को गड्ढामुक्त कराने की पहल की। पूरे छींट, पट्टिहार और कुंवरमऊ में करीब दो किलोमीटर तक सड़क की हालत खराब थी। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सुधा द्विवेदी ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली भेजकर गड्ढों में मिट्टी डलवाई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा था। खराब रास्ते के कारण स्कूली वाहनों का आवागमन बाधित होता था। वहीं, आपात स्थिति में एंबुलेंस के गांव तक पहुंचने में भी दिक्कत आती थी। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
पिछले दिनों गांव में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सुधा द्विवेदी के सामने सड़क को चलने योग्य बनवाने की मांग रखी थी। ग्रामीणों ने कहा था कि सड़क की समस्या दूर होने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इसके बाद सुधा द्विवेदी ने तत्काल मिट्टी डलवाने की व्यवस्था कराई। सड़क पर मिट्टी डाले जाने के बाद ग्रामीणों और बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
सुधा द्विवेदी क्षेत्र में लगातार गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों से संवाद कर रही हैं। श्री फाउंडेशन के माध्यम से क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाने की बात भी कही गई है।
इस पहल को लेकर समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र में जनसंपर्क और स्थानीय समस्याओं के समाधान के प्रयासों से सुधा द्विवेदी को लोगों का समर्थन मिल रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, चुनाव में जनता का रुख क्या होगा, यह आने वाला समय बताएगा।

