सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: दीपावली से पहले जिले के उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के करीब 2.78 लाख परिवारों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ मिलेगा। इससे त्योहार के दौरान गरीब परिवारों को रसोई के खर्च में राहत मिलेगी।
योजना के तहत दीपावली के अवसर पर अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच पहला मुफ्त सिलेंडर रिफिल दिया जाएगा। वहीं, होली के अवसर पर जनवरी से मार्च 2027 के बीच दूसरा मुफ्त रिफिल उपलब्ध कराया जाएगा। इस सुविधा का लाभ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र कनेक्शनधारकों को मिलेगा।
जिले में इंडेन गैस के 1,62,697, भारत गैस के 38,110 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 76,450 उज्ज्वला कनेक्शन हैं। इस तरह कुल 2,77,257 लाभार्थियों को योजना का फायदा मिलने की उम्मीद है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के साथ त्योहारों पर घरेलू खर्च का बोझ कम करना है। मुफ्त सिलेंडर रिफिल का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों और जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करना होगा।

