Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
बना लो वीडियो… अखिलेश यादव को दे देना’, मूंछों पर ताव देते मैनपुरी CO का Video Viral, जानें पूरा मामला
Mainpuri CO Video: कैमरे के सामने नेमप्लेट की ओर इशारा कर बोले CO सिटी अशोक सिंह- बना लो वीडियो, वायरल कर देना… अखिलेश यादव को दे देना। इसके बाद मूंछों पर ताव देने का अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात सीओ सिटी अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीओ सिटी कुछ लोगों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वह अपनी वर्दी पर लगी नेमप्लेट की ओर इशारा करते हुए कहते हैं- ‘बना लो वीडियो… वायरल कर देना… अखिलेश यादव को दे देना।’ इसके बाद अधिकारी मूंछों पर ताव देते हुए दिखाई देते हैं।
कैमरे के सामने मूंछों पर ताव
वायरल वीडियो में सीओ सिटी का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। बातचीत के दौरान वह वीडियो बनाए जाने की बात कहते हैं और इसके बाद मूंछों पर ताव देते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
सपा समर्थकों की मौजूदगी का दावा
बताया जा रहा है कि वीडियो में मौजूद लोगों में समाजवादी पार्टी के समर्थक भी शामिल थे। हालांकि, सीओ सिटी और इन लोगों के बीच किस मुद्दे को लेकर बातचीत या बहस हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वीडियो किस स्थान और किस परिस्थिति में बनाया गया, यह भी स्पष्ट नहीं है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग सीओ के अंदाज को पुलिस अधिकारी का रौब बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में वीडियो के पूरे संदर्भ और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।