टेंपो पलटने से आठ साल के बच्चे की मौत, सात घायल
लालगंज-बछरावां मार्ग पर रणगांव के पास हादसा, टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश
लालगंज: गुरबक्शगंज से सवारियां लेकर आ रहा टेंपो सोमवार को लालगंज-बछरावां मुख्य मार्ग पर रणगांव के पास एक चौपहिया वाहन की टक्कर से पलट गया। हादसे में टेंपो सवार आठ लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आठ वर्षीय विहान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
टेंपो चालक अनुराग पाल निवासी पूरे भीखी, मजरे बहाई सवारियां लेकर लालगंज की ओर आ रहा था। रणगांव के पास सामने से आ रहे ट्रक के बगल से निकलते समय पीछे से आए एक चौपहिया वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चालक अनुराग पाल के अलावा पूरे दुबेन, मजरे सहजौरा निवासी पूजा (45), उनके बेटे विहान (8) और बेटी पीहू (7), अंशिका (9), राना का पुरवा निवासी शांति देवी, रौला निवासी सुमित और गोविंदपुर कठोइया निवासी ऋषि घायल हो गए। शांति देवी और सुमित को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य घायलों को गंभीर रूप से घायल चालक अनुराग पाल टेंपो चलाकर सीएचसी ले गया।
सीएचसी में उपचार के दौरान विहान की मौत हो गई। अनुराग की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल सुमित ने बताया कि ट्रक के पीछे से आए चौपहिया वाहन ने टेंपो को टक्कर मारी थी, जिससे हादसा हुआ।
इस खबर से संबंधित फोटो बनाएं

