सशक्त न्यूज नेटवर्क
शिवराम रावत ने बेटे के साथ अखिलेश यादव से की मुलाकात, जेपी सिंह बोले- विधानसभा टिकट का मिला है आश्वासन
डलमऊ: रायबरेली में भाजपा को झटका देते हुए ब्लॉक प्रमुख शिवराम रावत ने रविवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उनके बेटे पंकज रावत ने पार्टी बदलने की वजह एक अनुसूचित जाति की महिला को न्याय न मिलना बताया है। वहीं, भाजपा नेता जेपी सिंह ने दावा किया कि शिवराम रावत को विधानसभा चुनाव में टिकट देने का आश्वासन देकर सपा में शामिल कराया गया है।
पंकज रावत के मुताबिक, जगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की महिला के साथ दुराचार की घटना हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने दुराचार के बजाय मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और मामले को दबा दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता भाजपा से ब्लॉक प्रमुख चुने जाने के बाद भी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों से लगातार संपर्क करते रहे। लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।
पंकज का कहना है कि इसके बाद उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से संपर्क किया। अखिलेश ने प्रतिनिधिमंडल गांव भेजकर पीड़िता की बात सुनी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस पहल से प्रभावित होकर शिवराम रावत और उनके बेटे ने अखिलेश यादव से मुलाकात की और सपा की सदस्यता ले ली।
उधर, भाजपा नेता जेपी सिंह ने कहा कि सपा ने विधानसभा चुनाव में टिकट देने का आश्वासन देकर शिवराम रावत को पार्टी में शामिल कराया है। उन्होंने दावा किया कि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में ब्लॉक प्रमुख को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

