सशक न्यूज
बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास हादसा, टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग; चालक फरार
रायबरेली: गदागंज क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास रविवार रात डंपर और बाइक की टक्कर में पिता की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक और डंपर में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, कानपुर में फुटवियर बनाने का काम करने वाले इंद्रपाल (50) रविवार रात पैसेंजर ट्रेन से बरारा बुजुर्ग हॉल्ट पर उतरे थे। उनके बेटे शिवम (20) और सत्यम (18) बाइक से उन्हें घर लेकर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास ऊंचाहार की ओर से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल की मौत हो गई, जबकि दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डंपर में फंस गई। कुछ ही देर में दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की लपटों ने डंपर को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

