एनटीपीसी की यूनिट-5 का कोयला बंकर ढहा, 400 टन कोयला गिरा; बड़ा हादसा टला
35 दिन की मरम्मत के बाद शुरू हुई थी यूनिट, बंकर टूटते ही मची अफरातफरी; दूसरे बंकर से शुरू की गई कोयले की सप्लाई
ऊंचाहार (रायबरेली): एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में बिजली उत्पादन शुरू होते ही बड़ा हादसा होते-होते बच गया। रविवार रात करीब 11 बजे 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-5 का कोयला बंकर अचानक ढह गया। करीब 30 फुट की ऊंचाई से 300 से 400 टन कोयला भरभराकर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त आसपास कोई कर्मचारी या मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
यूनिट-5 को वार्षिक मरम्मत के लिए करीब 35 दिन पहले बंद किया गया था। रविवार रात मरम्मत पूरी होने के बाद इसे दोबारा बिजली उत्पादन के लिए चालू किया गया। इसी दौरान बायलर के ऊपरी हिस्से में स्थित कोयला बंकर टूट गया। बंकर से बायलर तक कोयले की आपूर्ति की जाती है। इसके नीचे कोयला पीसने वाली मशीन और कन्वेयर बेल्ट लगी है।
बंकर टूटने से परियोजना में अफरातफरी मच गई। सूचना पर उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दूसरे बंकर से बायलर तक कोयले की आपूर्ति शुरू कराकर यूनिट का संचालन जारी रखा गया। ढहे बंकर की मरम्मत भी शुरू करा दी गई है। हालांकि, बंकर टूटने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
एनटीपीसी परियोजना में पांच यूनिट 210-210 मेगावाट और छठी यूनिट 500 मेगावाट क्षमता की है। सभी छह यूनिटों से कुल 1550 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाता है। परियोजना में प्रतिदिन करीब 28 से 30 हजार मीट्रिक टन कोयले की खपत होती है।
एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया कुमारी ने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से बंकर की मरम्मत कराई जा रही है।

