Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
एम्स में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग का चौथा स्थापना दिवस मनाया
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। एम्स रायबरेली के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग का चौथा स्थापना दिवस बुधवार को मनाया गया। वर्ष 2022 में लेबर रूम में सेवाएं शुरू होने के बाद विभाग ने चार वर्ष का सफर पूरा किया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, चिकित्सकों, रेजिडेंट्स, नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा की और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. अमिता जैन ने विभाग को चार वर्ष की सेवा पूरी करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी विभाग को निरंतर बेहतर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में एम्स नई दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर प्रो. जेबी शर्मा ने जेनिटल ट्यूबरकुलोसिस विषय पर व्याख्यान दिया। केजीएमयू लखनऊ के क्वीन मैरी अस्पताल की पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. उमा सिंह ने सर्वाइकल इंट्रा-एपिथीलियल नियोप्लासिया के प्रबंधन पर जानकारी दी। गायनेकोलॉजिस्ट एवं आइवीएफ विशेषज्ञ डॉ. आंचल गर्ग और एचआइएमएस अटारिया की प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा राठौरिया ने भी व्याख्यान दिया।
विभागाध्यक्ष प्रो. पारुल सिन्हा ने बताया कि शुरुआत में ओपीडी में प्रतिदिन करीब 15 मरीज आते थे। अब यह संख्या बढ़कर करीब 300 मरीज प्रतिदिन हो गई है। उन्होंने कहा कि यह विभाग के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। चार वर्षों में विभाग ने हाई रिस्क प्रेगनेंसी, जटिल प्रसूति मामलों, उन्नत स्त्री रोग प्रक्रियाओं और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी के क्षेत्र में अपनी सेवाओं का विस्तार किया है।
कार्यक्रम में सीनियर-जूनियर रेजिडेंट्स और नर्सिंग अधिकारियों को शैक्षणिक उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और मरीजों की देखभाल में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विभाग की प्रगति में प्रो. पारुल सिन्हा के साथ डॉ. वंदना वर्मा, डॉ. बनश्री नाथ, डॉ. अपला प्रियदर्शिनी, डॉ. स्नेहलता मीना और डॉ. कृष्णा सिंह की भूमिका की सराहना की गई।
कार्यक्रम में सभी डीन, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज श्रीवास्तव, उपनिदेशक प्रशासन कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय समेत संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।