पेड़ पर तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। कतर्नियाघाट रेंज के चहलवा इलाके में बुधवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब एक किसान के खेत के किनारे पेड़ पर तेंदुआ चढ़ा दिखाई दिया। अचानक सामने तेंदुआ देख किसान और गांव के लोग घबरा गए। हाका लगाने के बाद भी तेंदुआ करीब 15 मिनट तक पेड़ पर ही डटा रहा, फिर छलांग लगाकर जंगल की ओर चला गया।

चहलवा की नई बस्ती टेडिहा गांव निवासी किसान सुखराम ने बताया कि वह सुबह करीब 10:30 बजे अपने गेहूं के खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान आसपास चर रहे मवेशी अचानक भागने लगे, जिससे उसे अनहोनी का अंदेशा हुआ।

जब उसने नजर दौड़ाई तो खेत के किनारे लगी चेनलिंक फेसिंग के पास सेमल के पेड़ पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। तेंदुआ देखते ही वह शोर मचाते हुए घर की ओर दौड़ा। आवाज सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए और हाका लगाने लगे।

ग्रामीणों के मुताबिक, शोर-शराबे के बीच तेंदुआ पेड़ पर चहलकदमी करता रहा और लोगों को घूरता रहा। करीब 15 मिनट बाद वह पेड़ से कूदकर पास के जंगल में चला गया। किसान और ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास दिखाई दे रहा है, जिसकी सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग वन विभाग से सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ का कहना है कि तेंदुए के मूवमेंट की सूचना मिली है, ग्रामीणों को अलर्ट रहने को कहा गया है, गश्त बढ़ा दी गई है।

More From Author

You May Also Like