सशक्त न्यूज़ | दर्दनाक सड़क हादसा
हरिद्वार जाने की ख्वाहिश बनी आखिरी सफर! घरवालों से छिपकर निकले 6 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत
मुजफ्फरनगर। दोस्तों के साथ घूमने-फिरने की चाह छह युवकों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गई। हरियाणा के छह दोस्त परिजनों को बिना बताए हरिद्वार के लिए कार से निकले थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर उनकी कार हादसे के बाद आग का गोला बन गई। भीषण आग में फंसकर कार सवार सभी छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
सुबह पांच बजे हुआ हादसा, नहीं मिला संभलने का मौका
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:50 बजे कार शामली की ओर से मुजफ्फरनगर की तरफ आ रही थी। तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क की दूसरी ओर पलट गई। कार में सीएनजी किट लगी होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस, दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कार में सवार सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छह घरों में पसरा मातम
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सशक्त न्यूज़ की अपील: तेज रफ्तार और लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
स्रोत: दैनिक जागरण

