सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली-महराजगंज-बछरांवा मार्ग पर बरहुआ के निकट बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिल सवारों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस सेवा ने दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पखनपुर का रहने वाला था एक मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक की शिनाख्त अमित कुमार सिंह (पुत्र लवकेश) निवासी पखनपुर के रूप में हुई है। वहीं, खबर लिखे जाने तक दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क साध रही है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। टक्कर मारने वाला वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। महराजगंज कोतवाली पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

