सशक्त न्यूज नेटवर्क
मस्जिद की दीवार और छत में भी आई दरारें, दो लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती; बस्ती के बीच पटाखों का भंडारण होने से लोगों में आक्रोश
रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के अहियारायपुर में मस्जिद के बगल स्थित एक मकान में रखे पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के एक दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कई मकानों की दीवारें, खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। वहीं, मस्जिद की दीवार और छत में भी दरारें आ गईं। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस्ती के बीच मकान में पटाखों का भंडारण किया गया था। विस्फोट के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। आसपास के मकानों को हुए नुकसान को देखकर मोहल्लेवासियों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने घनी आबादी के बीच पटाखों का गोदाम संचालित किए जाने पर सवाल उठाए।
पुलिस के पहुंचने से पहले पटाखे हटाने का आरोप
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही पटाखों के जखीरे को वहां से हटाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस विस्फोट के कारणों और मकान में पटाखों के भंडारण से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

