सशक्त न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी अचानक बढ़ गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस अहम फैसले, जिसमें तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है, पर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री राजभर ने अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार और विभाग चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
न्यायपालिका का सम्मान सर्वोपरि:
ओपी राजभर ने कहा कि न्यायपालिका के निर्णय का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि अदालत के आदेश की प्रति का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है, ताकि उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
‘चुनाव कराना सरकार के लिए कोई चुनौती नहीं’:
सरकार की तैयारियों पर बात करते हुए पंचायती राज मंत्री ने दावा किया कि तय समयसीमा के भीतर चुनाव संपन्न कराना सरकार के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) पहले ही तैयार की जा चुकी है और मतपत्रों से जुड़ी तैयारियां भी पूरी हैं। ऐसे में सरकार और उनका दल चुनाव के लिए हर स्तर पर मुस्तैद हैं।

