‘राम ने यादव को मारा’, ‘पिता का नाम मूर्ख चंद’… एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट में गजब खेल!
वोटिंग से ठीक पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुईं अजब-गजब मतदाता पर्चियां, टंकण की गलती से बिगड़े नाम; निर्वाचन अधिकारी ने करीब 30 मामले दुरुस्त कराने का किया दावा
झांसी/प्रयागराज। इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान से ठीक पहले मतदाता सूची ने ऐसा चौंकाया कि लोग नाम पढ़कर माथा पकड़ने लगे। कहीं वोटर का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ दर्ज हो गया तो कहीं पिता के नाम की जगह ‘मूर्ख चंद यादव’ लिख दिया गया। ऐसी ही अजब-गजब मतदाता पर्चियां सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चुनावी तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल पर्चियों में नामों की गड़बड़ी के कई मामले सामने आए हैं। एक मतदाता पर्ची में पिता का नाम ‘टक्कर मारना’ दर्ज मिला। दूसरी में रवि शर्मा के पिता का नाम ‘राम ने शर्मा को मारा’ लिखा था। इन पर्चियों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। मामला सामने आने के बाद निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची की शुद्धता पर सफाई देनी पड़ी।
करीब 30 नामों में मिली गड़बड़ी, सूची दुरुस्त कराने का दावा
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे के मुताबिक, पूरे निर्वाचन क्षेत्र में टंकण संबंधी ऐसी करीब 30 त्रुटियां सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को दुरुस्त करा लिया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि लिपिकीय गलती के चलते किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।
प्रयागराज से जुड़े ज्यादातर मामले
मतदाता पर्चियों में नामों की गड़बड़ी के ज्यादातर मामले प्रयागराज जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं। मतदान से ठीक पहले ऐसी पर्चियों के वायरल होने से सूची तैयार करने और उसकी जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। नाम में किसी तरह की त्रुटि की शिकायत मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाएगा।
23 अक्तूबर को मतदान: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार को मतदान होना है। ऐसे में प्रशासन के सामने मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने के साथ यह सुनिश्चित करने की चुनौती है कि कोई भी पात्र मतदाता नाम संबंधी गलती के कारण वोट डालने से वंचित न रह जाए।

