पीडीए सरकार बनी तो राशन में मिलेगा सरसों का तेल: अखिलेश
अयोध्या में महिलाओं से कथित अभद्रता पर भड़के सपा प्रमुख, महिला आयोग से कार्रवाई की मांग
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए पीडीए सरकार बनने पर राशन के साथ सरसों का तेल देने का वादा किया है।
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित लोगों और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर राशन की दुकानों के माध्यम से सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे शोषित, वंचित और गरीब वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में नारी वंदन के नाम पर महिलाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है। महिला आयोग को मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दुखी मां का सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया, जिसे महिलाएं नहीं भूलेंगी। अखिलेश ने कहा कि मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता।
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और हालिया विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा के प्रति जनता में नाराजगी बढ़ रही है। अखिलेश ने कहा कि अगला चुनाव महिला और युवा बनाम भाजपा होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।
सपा प्रमुख के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में राशन, महिला सम्मान और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज होने के आसार हैं।

