भाई को राखी बांधने जा रही बहन की सड़क हादसे में मौत, पीछे से कार ने बाइक में मारी टक्कर

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: भाई की कलाई पर राखी बांधने की खुशी लेकर निकली 58 वर्षीय महिला की रास्ते में दर्दनाक मौत हो गई। लालगंज-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर शोभवापुर गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला और उसका भांजा घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

खीरों थाना क्षेत्र के नंदू खेड़ा मजरे गोनामऊ गांव निवासी रघुनंदन की पत्नी ज्ञानवती (58) शुक्रवार को अपने भाई को राखी बांधने फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सेमौरा गांव जा रही थीं। वह अपने भांजे मनोज कुमार पुत्र कृष्ण कुमार निवासी दूकनहा के साथ बाइक पर सवार थीं।

बताया गया कि लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर शोभवापुर गांव के पास पीछे से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

राहगीरों की सूचना पर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने ज्ञानवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज का उपचार किया गया।
ज्ञानवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपनी इकलौती बेटी अर्चना की मां थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर दुर्घटना करने वाले वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

More From Author

You May Also Like