Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
बेटी की डोली उठी, पिता की अर्थी की तैयारी: विदाई के कुछ देर बाद पेड़ से लटका मिला शव
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिस आंगन में रातभर शादी की खुशियां थीं, सुबह वहीं चीख-पुकार गूंज उठी। बेटी की विदाई के कुछ ही देर बाद पिता का शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सोम मऊ गांव की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
गांव निवासी 50 वर्षीय कौशल राजमिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार रात उनकी बेटी की शादी धूमधाम से संपन्न हुई। सुबह विदाई की रस्म पूरी होने के दौरान वह अचानक घर से कहीं चले गए। परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। बेटी की डोली रवाना होने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से उनका शव लटका देखा। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर हरचंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक कौशल की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह लंबे समय से आर्थिक तंगी और जिम्मेदारियों को लेकर परेशान रहते थे। आशंका है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
शादी की खुशियां मातम में बदल जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिसने भी यह घटना सुनी, उसकी आंउखें नम हो गईं।