भाई-भतीजों ने की अधेड़ की पीटकर हत्या
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेल मोहल्ले में गुरुवार सुबह मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। डंडों से पीटकर अधेड़ उमाशंकर मिश्र (55) की हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को मृतक के सगे भाई और भतीजों ने अंजाम दिया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार उमाशंकर मिश्र सुबह अपने घर के सामने झाड़ू लगा रहे थे। कूड़ा इधर-उधर होने पर उनके भाई रामशंकर ने आपत्ति जताई, जिस पर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान रामशंकर ने अपने दूसरे भाई विजय, विजय के पुत्र धर्मेंद्र, उपेंद्र, श्रवण और एक अन्य रिश्तेदार रूपक मिश्र के साथ मिलकर उमाशंकर पर डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमाशंकर को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, अन्य की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद