जमीन के लालच में नाती ने कर दी की हत्या
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र के पूरे हरभजन मजरे साहूकुआ गांव में जमीन के लालच में नाती ने अपनी नानी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई की तहरीर पर नामजद नाती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव निवासी विधवा वृद्ध महिला प्रभु देई (70) पत्नी स्व. जागेश्वर की दो पुत्रियां गायत्री और गीता हैं। दोनों विवाहित हैं और उनके बेटे मृतका के साथ रहते थे। शुक्रवार सुबह बड़ी पुत्री का बेटा पुष्पेंद्र मजदूरी पर गया था, जबकि छोटी पुत्री का बेटा बाबी घर पर मौजूद था।
शाम को जब पुष्पेंद्र लौटकर आया तो नानी घर में नहीं मिली। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद कमरे का दरवाजा खोलने पर प्रभु देई का शव अंदर पड़ा मिला। मृतका के सिर पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा।
मृतका के भाई जगदीश प्रसाद निवासी लोधवारी, थाना डीह ने नाती बाबी को नामजद करते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।