न्यूज नेटवर्क
अंबेडकरनगर जनपद में एक दलित युवती के साथ मुस्लिम युवक आसिफ ने शादी का झांसा देकर आठ साल तक दुष्कर्म किया। इसके बाद धर्म परिवर्तन कराकर गोमांस खिलाया और बुर्का पहनाया। युवती ने गर्भपात कराने और जानलेवा हमले जैसे कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।
मामले में पुलिस ने आसिफ के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने, उसके पिता व भाई के विरुद्ध दुष्कर्म का प्रयास करने का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
युवती के मुताबिक अकबरपुर के मीरानपुर निवासी आसिफ की उसके गांव में रिश्तेदारी है। आसिफ उसके गांव में आता रहता था। करीब आठ साल पहले दोनों की जान पहचान हो गई और एक दूसरे से बात करने लगे।
आरोप है कि इसके बाद आसिफ ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। छह सितंबर 2023 को युवक उसे अपने घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर हाथ पर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया था। कुछ दिन अपने घर पर रखने के बाद उसे लेकर लुधियाना चला गया था।
गर्भवती होने पर युवक उसे बिना बताए वहीं छोड़कर अपने घर लौट आया था। युवती किसी तरह उसके घर पहुंची, जहां आसिफ, उसके पिता जलालुद्दीन और भाई आरिफ ने जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। तबीयत ठीक होने के बाद उसे लेकर एक मदरसे में गए, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराने के बाद उसे गोमांस खिलाया। इसके बाद उसे बुर्का भी पहनाया था। विरोध करने पर उसे जातिसूचक गालियां दी।
इसके बाद 30 अक्तूबर 2025 को उसे अपने घर से भगा दिया था। बहुत समझाने पर भी अपने साथ रखने को राजी नहीं हैं। सोमवार को युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से की। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि रविवार को इस मामले में शिकायत मिली है, जिसमें आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, उसके पिता व भाई पर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया था, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों प्रार्थना पत्रों की जांच की जा रही है। एक आरोपी से पूछताछ चल रही है।
