Categories:
राष्ट्रीय
रायबरेली की गड्ढायुक्त सड़कों पर राहुल गांधी का वार, मोबाइल में तस्वीरें दिखाईं तो अफसरों से पूछा- आखिर जिम्मेदार कौन?
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: रायबरेली की बदहाल सड़कों का मुद्दा बुधवार को दिशा की बैठक में गरमा गया। सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की हालत को लेकर अधिकारियों को घेरा। उन्होंने मोबाइल में गड्ढों से भरी सड़कों की तस्वीरें दिखाईं और फोटो के प्रिंटआउट भी बैठक में सामने रख दिए। तस्वीरें देखकर विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठे।
राहुल गांधी ने अधिकारियों से पूछा कि जब सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर पैसा खर्च हो रहा है तो ग्रामीण इलाकों में सड़कें इतनी बदहाल क्यों हैं? उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर भी जवाब मांगा।
सांसद ने साफ किया कि खराब सड़कें सिर्फ आवागमन की परेशानी नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों के लिए रोज की मुसीबत बन चुकी हैं। दिशा की बैठक में सड़क से जुड़े अधिकारियों के सामने उन्होंने मौके की तस्वीरें रखकर जमीनी हकीकत दिखाई।
मोबाइल में मौजूद तस्वीरों और प्रिंटआउट के जरिए राहुल गांधी ने अधिकारियों को यह संदेश भी दिया कि कागजों में सड़कें भले दुरुस्त हों, लेकिन जमीन पर तस्वीर कुछ और है। बैठक में सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े विभागों की कार्यशैली सवालों के घेरे में रही।