मतदाता सूची की जांच को डलमऊ ब्लॉक के चार बूथों पर पहुंचे पदाधिकारी
पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज होने की परखी स्थिति, अभियान में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
डलमऊ। मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराने और सूची की त्रुटियों को परखने के लिए शनिवार को डलमऊ ब्लॉक के विभिन्न बूथों पर निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मधुकरपुर, कुड़वल, अवस्थीपुर और बरस बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच की गई।
अभियान में विधानसभा अध्यक्ष जेपी यादव, ब्लॉक अध्यक्ष शिव प्रताप यादव, महासचिव रमेश मौर्य और दिव्याम्बर सिंह बाबा राजा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मतदाता सूची का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सही तरीके से दर्ज हों।
अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त रखने के साथ ही किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने से रोकना है। इस दौरान पदाधिकारियों ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी साथियों के प्रति आभार जताया।

