Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी की संदिग्ध मौत, गोली कैसे चली? महिला थाना परिसर में अचानक चली गोली से मचा हड़कंप, आत्महत्या या हादसा—हर एंगल से जांच
सशक्त न्यूज नेटवर्क
कौशांबी: मंझनपुर महिला थाना परिसर में मंगलवार सुबह ड्यूटी पर तैनात 2025 बैच की महिला आरक्षी प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। करीब 10:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल मिलीं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सीओ सदर सौरभ सामंत समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। कमरे और आसपास के स्थानों की जांच के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
गोली कैसे चली, यही सबसे बड़ा सवाल
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ड्यूटी के दौरान प्रियंका को गोली कैसे लगी। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन पुलिस इसे हादसा मानकर भी चल रही है। घटनास्थल से किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस ने सभी संभावनाओं को जांच के दायरे में रखा है।
पुलिसकर्मियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के साथ फोरेंसिक जांच से घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
प्रदेश में पुलिसकर्मियों की संदिग्ध मौत के मामलों में पहले भी परिवारों की ओर से मानसिक दबाव और विभागीय परिस्थितियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में कौशांबी की इस घटना ने भी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और मानसिक दबाव की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रियंका की मौत को आत्महत्या कहना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्ष के बाद ही साफ होगा कि महिला थाना परिसर में उस सुबह आखिर हुआ क्या था।