Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
थाने में इंसाफ नहीं, इश्क का जाल! महिला बोली- दरोगा ने शादी का सपना दिखाया, गर्भपात कराया, अब दे रहा जान से मारने की धमकी
घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी थाने, भरोसा जीतकर बनाए संबंध; शिकायत के बाद सब-इंस्पेक्टर निलंबित
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बरेली। घरेलू विवाद में इंसाफ की आस लेकर थाने पहुंची एक महिला की जिंदगी उस वक्त और उलझ गई, जब मदद का भरोसा देने वाला पुलिस अधिकारी ही उस पर डोरे डालने लगा। महिला का आरोप है कि बरेली में तैनात सब-इंस्पेक्टर ने पहले सहानुभूति दिखाई, फिर नौकरी दिलाने और शादी करने का झांसा देकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि संबंधों के दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि दरोगा ने शादी का वादा निभाने के बजाय उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इतना ही नहीं, जब महिला ने शादी और अपने अधिकारों की बात की तो आरोपी ने उससे दूरी बना ली और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की प्राथमिक जांच के बाद आरोपी सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि जिन कंधों पर लोगों को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी है, अगर वही भरोसे का फायदा उठाने लगें तो पीड़ित आखिर किसके पास जाए। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।