Categories:
ऊँचाहार
करंट ने ली दो महिलाओं की जान: खेत में झटका मशीन और घर में कटे तार बने मौत की वजह
रायबरेली: रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में गुरुवार को करंट से जुड़े दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक महिला खेत में लगाए गए झटका मशीन के करंट की चपेट में आ गई, जबकि दूसरी महिला घर में पंखे का प्लग लगाते समय कटे बिजली के तार से करंट लगने से दम तोड़ बैठी। दोनों को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहली घटना सावापुर नेवादा गांव की है। यहां रहने वाली लाली देवी सुबह बकरी चराने खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी के खेत में बांस-बल्ली के सहारे लगाए गए झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास काम कर रहे किसानों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दूसरी घटना अलीपुर करनपुर गांव में हुई। यहां कल्पना देवी घर में फर्राटा पंखे का प्लग बिजली बोर्ड में लगा रही थीं। इसी दौरान कटे हुए बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें भी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ल ने बताया कि दोनों महिलाओं को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पुलिस को पंचनामा और पोस्टमार्टम की सूचना भेज दी गई है।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि लाली देवी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, कल्पना देवी के परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए थे। पुलिस टीम को उनके घर भेजा गया है ताकि नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा सके। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।