Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड पर जानलेवा हमला, सिर छूकर निकली गोली; बचाने पहुंचे दो ग्रामीण भी पीटे गए
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: रायबरेली में पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार शाम फिल्मी अंदाज में हमला किए जाने का मामला सामने आया। सलोन कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड की कार को स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने कथित तौर पर टक्कर मारकर बीच सड़क पर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद होमगार्ड को कार से घसीटकर लोहे की रॉड से पीटा गया और उस पर फायरिंग कर दी गई। गोली सिर को छूती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो ग्रामीणों को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सिंघापुर निवासी शिव प्रताप सिंह, जो सलोन कोतवाली में होमगार्ड हैं, शुक्रवार शाम अपनी अल्टो कार से ड्यूटी पर जा रहे थे। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर राय का पुरवा गांव के पास सामने से आई स्कॉर्पियो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। शिव प्रताप का आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग उन्हें कार से बाहर खींच लाए और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
इसी दौरान एक हमलावर ने अवैध असलहे से फायर कर दिया। गोली उनके सिर की ऊपरी सतह को छूते हुए निकल गई। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की।
गोली चलने की आवाज सुनकर राय का पुरवा निवासी प्रफुल्ल कुमार और अनुज कुमार मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। दोनों की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एल.पी. सोनकर ने बताया कि तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि होमगार्ड के सिर पर गोली लगने जैसे निशान मिले हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।