सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: ऊंचाहार में पुरानी रंजिश में मंगलवार शाम कार निकालने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए हमले में एक महिला और युवती समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को परिजन इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कल्यानपुर मजरे डेलौली गांव निवासी रामनरेश और लल्ला के परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है।
मंगलवार शाम रामनरेश के दरवाजे से कार निकालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरातफरी मच गई।
मारपीट में एक पक्ष से बुजुर्ग रामनरेश, उनके बेटे आशीष कुमार, बहू अंजनी और पिंकी देवी घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से लल्ला, उनके बेटे सचिन और सतीश तथा बेटी सविता को चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुमित श्योरान ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

