Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली में दर्दनाक हादसा: घर में लगी आग, जिंदा जल गईं 75 वर्षीय वृद्धा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: जिले के खीरो थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। घर में अकेली रह रही 75 वर्षीय वृद्धा की भीषण आग की चपेट में आने से जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि वृद्धा का पूरा शरीर बुरी तरह जल गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, खीरो थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद मजरे खीरो गांव निवासी रामावती (75) घर में अकेली थीं। इसी दौरान अचानक उनके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वृद्धा को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक रामावती आग की लपटों में घिर चुकी थीं।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग इतनी तेज थी कि वृद्धा का शव बुरी तरह जल चुका था। इस दर्दनाक घटना को देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
गांव के लोगों का कहना है कि रामावती अकेले जीवन व्यतीत कर रही थीं। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक पल में उजड़े इस आशियाने और वृद्धा की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया।