सशक्त न्यूज नेटवर्क
मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु, दो की हालत गंभीर; जिला अस्पताल रेफर
रायबरेली। प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा शुक्रवार शाम ऊंचाहार-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ऊंचाहार देहात के पूरे चौहान मजरे निवासी धनराज शुक्रवार को पत्नी विद्यावती और रिश्तेदारों के साथ ई-रिक्शा से प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित मनगढ़ धाम दर्शन करने गए थे। उनके साथ राजू, उनकी पत्नी शर्मिला, संजय सिंह, विद्यावती और बिटाना भी थीं। दर्शन के बाद सभी ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े डीसीएम से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय ने बताया कि राजू को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं, धनराज और शर्मिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाली प्रभारी मनबोध तिवारी ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीएम को कब्जे में लेकर हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

