लखनऊ में पार्किंग के झगड़े में ट्रिपल मर्डर, पिता-पुत्र और चाचा की गोली मारकर हत्या
बरगद के पेड़ के चबूतरे को लेकर भी चल रहा था विवाद, टिप्पणी करने पर बढ़ा मामला; आरोपी समेत चार गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज इलाके में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह पड़ोसियों के बीच कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। इसमें शिवाजी तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती विवाद कार खड़ी करने को लेकर था, लेकिन बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने और एक-दूसरे पर टिप्पणी करने को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से भी तनातनी चल रही थी।
कार पार्किंग से शुरू हुआ विवाद, फिर चलीं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे बरगद के पेड़ के पास खाली जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिवाजी तिवारी मंदिर में जल चढ़ाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी ऋषभ शुक्ला मोबाइल से उनका वीडियो बनाने लगा और चबूतरे को लेकर टिप्पणी की। इस पर शिवाजी नाराज हो गए और उन्होंने अपने भाई शंभू को बुलाया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई।
घर से पिस्टल लाकर की फायरिंग
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऋषभ शुक्ला घर से पिस्टल निकाल लाया और शिवाजी, शंभू व सुयश पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली लगने के बाद सुयश ने भागकर बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उन पर दोबारा गोली चला दी।
चबूतरे के निर्माण को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
स्थानीय पार्षद के मुताबिक, पीड़ित परिवार बरगद के पुराने पेड़ के पास चबूतरे का निर्माण करवा रहा था। आरोपी पक्ष इसका विरोध कर रहा था। करीब एक महीने पहले भी इस मुद्दे पर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस में शिकायत के बाद निर्माण कार्य रुक गया था। बताया गया कि पार्किंग को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी हुई थी।
आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से पकड़ लिया। उसके पास से पिस्टल और चार खोखे बरामद किए गए हैं। शिवाजी के भाई शंभू की पत्नी रुचि तिवारी की तहरीर पर ऋषभ, उसके पिता दिनेश शुक्ला, चाचा राजेश व गिरीश शुक्ला और तीन बहनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी और उसकी तीन बहनों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

