सशक्त न्यूज नेटवर्क
महानवमी पर सरकार के फैसले से लोगों में खुशी, परिवार के साथ त्योहार मनाने का मिलेगा मौका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पहले 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयादशमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। अब 19 अक्टूबर को भी छुट्टी घोषित होने से प्रदेश में लगातार दो दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकार के इस फैसले से लोगों में खुशी का माहौल है।
सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से 16 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए वर्ष 2026 के अवकाश संबंधी पूर्व में जारी शासनादेश में संशोधन किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व विज्ञप्ति के शेष प्रावधान यथावत रहेंगे।
परिवार के साथ मना सकेंगे त्योहार
महानवमी पर अतिरिक्त अवकाश मिलने से नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी। लगातार दो दिन छुट्टी रहने से लोग परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए भी पर्याप्त समय मिलेगा। नवरात्र के अंतिम दिनों में घरों में पूजा-पाठ और अन्य तैयारियों में जुटे लोगों के लिए भी यह निर्णय सुविधाजनक माना जा रहा है।

